
राजनांदगांव। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। जन संवाद कक्ष में हुई बैठक में 50 से अधिक डीजे संचालक शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन ने डीजे संचालकों को नियमों की जानकारी दी।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य शांत एवं संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज में डीजे नहीं बजाया जाए। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर रखने तथा अनावश्यक रूप से अधिक संख्या में डीजे बॉक्स और स्पीकर नहीं लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन पर लागू प्रतिबंधों का पालन करने के लिए भी सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे संचालक या आयोजक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने डीजे संचालकों से अपील की कि त्योहार आस्था, उमंग और भाईचारे के प्रतीक हैं। उत्सव के दौरान दूसरों की शांति, स्वास्थ्य और सुविधा का भी ध्यान रखा जाए। निर्धारित अनुमति, समय और ध्वनि सीमा का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की गई।
बैठक में डीजे संचालकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने पर सहमति जताई।










































