back to top

राजनांदगांव में अवतार कल्चर सोसायटी द्वारा भव्य दही लूट स्पर्धा का आयोजन…

विजेता टीम को मिलेगा 81 हजार रुपये का पुरस्कार, बड़ी संख्या में जुटे लोग

Advertisements

राजनांदगांव। शहर के पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अवतार कल्चर सोसायटी द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य दही लूट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दही हांडी फोड़ने और उसे जीतने के लिए प्रतिभागियों ने रोमांचक प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन साहू ने बताया कि दही लूट प्रतियोगिता का यह 16वां वर्ष है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ युवाओं में उत्साह और सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 81 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा सहित राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कमलेश बैंद, पूर्व महापौर नरेश डाकलिया एवं विधायक देवेंद्र यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

दही लूट प्रतियोगिता के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। टीमों ने एक-दूसरे के ऊपर मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया।

हांडी फूटते ही कार्यक्रम स्थल जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। आयोजन ने शहर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्सव और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना दिया।

Advertisements

You cannot copy content of this page