back to top

राजनांदगांव:गणपति पंडाल में लगेगी ‘जन-समस्या समाधान पेटी’, बप्पा के दरबार में सुनी जाएगी लोगों की अर्जी…

राजनांदगांव। गणेश उत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनसेवा से जोड़ने की पहल की गई है। KABALi ग्रुप राजनांदगांव एवं महाकाल मित्र मंडल द्वारा गणपति पंडाल में ‘बप्पा के दरबार में जन-अर्जी’ के तहत जन-समस्या एवं सुझाव पेटी स्थापित की जाएगी।

इसके माध्यम से नागरिक अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य और नगर निगम से संबंधित समस्याएं लिखकर जमा कर सकेंगे।
मंडल की ओर से बताया गया कि पंडाल में दो अलग-अलग पेटियां रखी जाएंगी। एक में जन-समस्याएं और दूसरी में सुझाव लिए जाएंगे।

नागरिकों के लिए फॉर्म और कलम की व्यवस्था रहेगी तथा स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है।


प्राप्त आवेदनों पर प्रतिदिन शाम 8 बजे पेटी खोलकर रजिस्टर में प्रविष्टि की जाएगी। इसके बाद समस्याओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और नगर निगम प्रकोष्ठ के माध्यम से संबंधित विभाग तक लिखित आवेदन के साथ पहुंचाने और उसकी रिसीविंग लेने का प्रयास किया जाएगा।

शिक्षा से जुड़े मामलों में स्कूल, छात्रवृत्ति एवं कॉलेज, स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में अस्पताल व आयुष्मान योजना तथा नगर निगम से संबंधित सड़क, पानी, बिजली और सफाई जैसी समस्याओं को शामिल किया जाएगा।


मंडल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्या रखने का एक सहज मंच उपलब्ध कराना और उन्हें सामाजिक एवं कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देना है।

किसी भी व्यक्ति से इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा अधिकारियों से केवल लिखित एवं शांतिपूर्ण संवाद के माध्यम से समस्या समाधान का प्रयास किया जाएगा।


विसर्जन से पहले प्रस्तुत होगी रिपोर्ट
गणेश उत्सव के अंतिम दिन मंडल द्वारा एक रिपोर्ट बोर्ड भी लगाया जाएगा, जिसमें इस दौरान प्राप्त जन-समस्याओं और उन पर शुरू किए गए कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

आयोजकों का कहना है कि ‘उत्सव के साथ सेवा’ की भावना से शुरू की जा रही यह पहल नागरिकों और सामाजिक संगठनों के बीच सकारात्मक सहभागिता का माध्यम बनेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page