
राजनांदगांव। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने राजनांदगांव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख गणेश पंडालों, बाजार क्षेत्रों और प्रतिमा विसर्जन मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

14 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश उत्सव के दौरान शहर के पंडालों और बाजार क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए एसपी ने यातायात पुलिस एवं थाना प्रभारियों को विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बाजारों में जाम की स्थिति न बने और आम नागरिकों व व्यापारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने कहा गया।
एसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने गणेश पंडालों के आसपास नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। गणेश उत्सव समितियों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इसके बाद एसपी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोहारा स्थित विसर्जन कुंड और वहां तक जाने वाले मार्ग का बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से निरीक्षण किया। विसर्जन स्थल की सुरक्षा, पहुंच मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, डीएसपी वाजपेयी, डीएसपी विधिराज, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, निरीक्षक उपेन्द्र शाह, यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप, निरीक्षक सुनील सिंह, निरीक्षक सुरेश जांगड़े, निरीक्षक भूषण चंद्राकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











































