
राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के बाजार चौक में धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार फरसानुमा चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम सोमनी के बाजार चौक में एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी विकास भारती (26), निवासी ग्राम सोमनी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार फरसानुमा चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक केपी मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि चैतुराम आर्य सहित थाना सोमनी के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोमनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखने, लहराने या लोगों को डराने-धमकाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।










































