
राजनांदगांव। नगर पंचायत घुमका के चंडी चौक के पास मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

चंडी चौक में बनने वाला यह मंच नगरवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में उपयोगी होगा। मंच निर्माण से क्षेत्र में होने वाले विभिन्न आयोजनों के लिए व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार तथा विकास कार्यों को गति देना प्राथमिकता है।
जनआवश्यकताओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है और स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं एवं मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वार्डवासियों ने मंच निर्माण कार्य के लिए प्रसन्नता व्यक्त की तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विधायक से चर्चा की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दुर्गेश द्विवेदी, प्रभारी अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमका पुसऊ वर्मा, नगर पंचायत घुमका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मंडल अध्यक्ष खेमचंद वर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राममूरत वर्मा, पार्षद कुमार बघेल, कैलाश शर्मा, कीर्तन वर्मा, सतीश सिंह नादम, भीखम जांगड़े, दानी वर्मा, ईश्वर वर्मा, खिलेश राजपूत, सत्यम बघेल सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।











































