
राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने कैलाश नगर स्थित पावर हाउस परिसर से विद्युत सामग्री चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की विद्युत सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपेश उर्फ राजू श्रीवास (36) निवासी रामनगर, पावर हाउस के पीछे, वार्ड नंबर 30, राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 को प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कैलाश नगर पावर हाउस स्थित सहायक अभियंता परियोजना परिसर में रखी विद्युत सामग्री चोरी हो गई है। चोरी गई सामग्री में डॉग कंडक्टर 286 किलोग्राम, एक्साईमर बायोमेटलिक क्लेम 87 सेट, एक्साईमर लग्ज 197 सेट तथा एक्साईमर बुशिंग कैप (नट) 18 नग शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 16 हजार 631 रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपेश उर्फ राजू श्रीवास को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी की कुछ सामग्री मनीष कसार निवासी ठेठवारपारा को 4 हजार रुपये में बेचने की बात भी बताई। मामले में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। वहीं खरीददार मनीष कसार को नियमानुसार धारा 41(ए) दंड प्रक्रिया संहिता का नोटिस देकर छोड़ा गया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने डॉग कंडक्टर, एक्साईमर बायोमेटलिक क्लेम, एक्साईमर लग्ज तथा एक्साईमर बुशिंग कैप (नट) सहित करीब 50 हजार रुपये की विद्युत सामग्री बरामद की। आरोपी को 22 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 के मारपीट एवं धमकी से संबंधित मामले, आबकारी एक्ट का प्रकरण, वर्ष 2025 का बीएनएस के तहत मामला तथा सार्वजनिक जुआ अधिनियम का प्रकरण शामिल है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में साइबर से निरीक्षक विनय पम्मार, सउनि इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, जी. सिरिल कुमार, अविनाश झा, प्रख्यात जैन सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































