back to top

राजनांदगांव: साइबर ठगी की रकम के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना बसंतपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में दुर्ग जिले से एक युवक को गिरफ्तार किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक पाल (24), निवासी शंकरपारा, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। जांच में आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी से प्राप्त 5 लाख 88 हजार 404 रुपये की राशि आना पाया गया। वहीं उक्त बैंक खाते में करीब 75 लाख 2 हजार 500 रुपये का कुल लेन-देन भी सामने आया है।

साइबर सेल राजनांदगांव को पुलिस मुख्यालय रायपुर एवं गृह मंत्रालय के अधीन संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में IDFC FIRST Bank के एक खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त रकम के लेन-देन और हस्तांतरण के लिए किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक संबंधित खाते के संबंध में 19 अलग-अलग राज्यों से साइबर अपराध संबंधी शिकायतें दर्ज होना पाया गया।

जांच में बैंक खाता ‘जय अंबे फर्नीचर मार्ट’ के नाम से संचालित होना तथा उसके स्वामी दीपक पाल द्वारा साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम के लेन-देन में खाते का उपयोग किया जाना सामने आया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दुर्ग जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया।

मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 458/2026, धारा 317(2), 317(4), 317(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध में ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में भेजने, निकालने या ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल होने वाले खातों को सामान्यतः म्यूल अकाउंट कहा जाता है। कई बार साइबर ठग कमीशन या अन्य लाभ का लालच देकर लोगों के बैंक खाते किराये पर लेते हैं और उनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन में करते हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को किराये, कमीशन अथवा किसी अन्य लालच में उपलब्ध न कराएं। खाते के दुरुपयोग की स्थिति में खाताधारक से भी पूछताछ और नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं साइबर सेल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक इब्राहिम खान, प्रधान आरक्षक अखिल अंबादे सहित थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल के पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page