
राजनांदगांव। भारतीय जैन संघटना, राजनांदगांव एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में पोलियो प्रभावित दिव्यांगजनों के लिए तीन दिवसीय नि:शुल्क दिव्यांग सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जैन बगीचा, राजनांदगांव में किया जाएगा।
यह शिविर राजनांदगांव विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा अभिषेक सिंह के प्रयास एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में बैसाखी, ट्राईसाइकिल, कैलिपर्स, कृत्रिम हाथ-पैर, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, वॉकर सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों के लिए भोजन एवं आवास की व्यवस्था भी नि:शुल्क रखी गई है।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों को दो फोटो एवं आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लाना आवश्यक है। जरूरत पड़ने पर वे अपने साथ एक अटेंडर भी ला सकते हैं। शिविर के आयोजन में भारतीय जैन संघटना, राजनांदगांव के पदाधिकारियों एवं सकल जैन समाज का सहयोग रहेगा। वहीं जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग कबीरधाम तथा सकल जैन समाज राजनांदगांव को भी आयोजन में विशेष सहयोग के लिए जोड़ा गया है। आयोजकों ने पात्र दिव्यांगजनों से निर्धारित तिथियों में शिविर स्थल पहुंचकर नि:शुल्क सहायक उपकरण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।










































