
अनियंत्रित कार दुर्घटनाग्रस्त, दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम; एक की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत
राजनांदगांव। दुर्ग से राजनांदगांव जन्मदिन मनाने आए पांच युवकों की कार देर रात सोमनी थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जिला दुर्ग से करीब पांच युवक कार में सवार होकर राजनांदगांव आए थे। जन्मदिन मनाने के बाद सभी युवक कार से दुर्ग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1 से 2 बजे के बीच सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अभिषेक सिंह और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास को उपचार के लिए पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में अन्य युवकों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
मर्ग कायम, जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। सोमनी पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ ही वाहन की गति और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











































