back to top

राजनांदगाव : महिला और बच्चों को चाकू दिखाकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार…

पुरानी बातों को लेकर करता था विवाद, डोंगरगांव पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई

राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जंगल करेठी में पुरानी बातों को लेकर महिला और उसके बच्चों को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जंगल करेठी निवासी हुमन बाई साहू ने 9 अक्टूबर 2026 को डोंगरगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव का निवासी डिगेश्वर साहू पुरानी बातों को लेकर आए दिन गाली-गलौज और विवाद करता था। साथ ही जान से मारने की धमकी भी देता था।

आरोप है कि 9 अक्टूबर को मोहड़ चौक के पास डिगेश्वर साहू ने महिला और उसके बच्चों के साथ गाली-गलौज की तथा अपने पास रखे चाकू को दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डिगेश्वर साहू (35 वर्ष), पिता भारत लाल साहू, निवासी ग्राम जंगल करेठी, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सागर सिंह राजपूत और सहायक उपनिरीक्षक मोहम्मद शरीफुद्दीन शेख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page