back to top

राजनांदगाव : अपर कलेक्टर ने क्वांर नवरात्रि पर पदयात्री मार्ग एवं सेवा पंडालों का किया निरीक्षण…

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सेवा पंडाल

जिला प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई सुनिश्चित

राजनांदगांव 11 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय ने क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत पदयात्री मार्ग एवं विभिन्न सेवा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा पंडालों में विश्राम कर रहे पदयात्रियों से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने, स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और विद्युत की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर ने पदयात्रियों के लिए विश्राम, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया।

 उन्होंने पंडालों में तैनात स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल स्टॉफ एवं उपलब्ध दवाइयों की भी जानकारी ली। उन्होंने आवश्यकता अनुसार मार्ग में बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। क्वांर नवरात्रि के अवसर पर अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पदयात्री मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सेवा पंडाल स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक तिवारी, जनपद पंचायत राजनांदगांव के सीईओ श्री मनीष साहू तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
Advertisements

You cannot copy content of this page