
छोटे बिरेझर स्थित घर से मादक पदार्थ बरामद, दूसरा आरोपी सौरभ बघेल फरार
राजनांदगांव, 12 अक्टूबर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घुमका पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम छोटे बिरेझर में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 2 किलो 575 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक अन्य आरोपी सौरभ बघेल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज और साइबर/क्राइम डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के दिशा-निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी घुमका निरीक्षक अब्दुल समीर के नेतृत्व में घुमका पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ग्राम छोटे बिरेझर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में नेतराम बघेल के घर की तलाशी ली गई। इस दौरान एक थैले में रखे अलग-अलग पैकेटों से गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2 किलो 575 ग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये आंकी गई है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
पुलिस ने मामले में नेतराम बघेल, पिता स्व. मंगल दास बघेल, निवासी ग्राम छोटे बिरेझर, थाना घुमका, को गिरफ्तार किया है। वहीं, प्रकरण में संलिप्त बताया गया दूसरा आरोपी सौरभ बघेल अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना घुमका के सहायक उप निरीक्षक के.आर. नागवंशी, सहायक उप निरीक्षक देवसत रामटेके, महिला आरक्षक किरण इंदौरिया, आरक्षक चंदप्रकाश साहू तथा साइबर सेल राजनांदगांव के प्रधान आरक्षक अनित शुक्ला, आरक्षक अमर प्रकाश भारती, शत्रुहन सिंह और महिला आरक्षक पार्वती कंवर का विशेष योगदान रहा।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











































