
मोहला। छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी इकाई द्वारा अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर तीन दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
धरना प्रदर्शन के प्रथम एवं द्वितीय दिवस, 13 एवं 14 अक्टूबर को मोहला स्थित छुरिया माता मंदिर प्रांगण में तथा तीसरे दिवस 15 अक्टूबर को रायपुर में प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन की शुरुआत में संघ के सभी सदस्यों ने छुरिया माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से सांकेतिक धरना प्रारंभ किया। इस दौरान जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के सभी तकनीकी सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे और अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की।
नियमितीकरण सहित तीन प्रमुख मांगें
संघ की प्रमुख मांगों में विकसित भारत जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के अंतर्गत कार्यरत सभी तकनीकी सहायकों के नियमित पदों का सृजन कर समायोजन करना, नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक स्थायीकरण नियमावली लागू करना तथा तकनीकी सहायक के पदनाम को परिवर्तित कर कनिष्ठ अभियंता (VB-G RAM G) करना शामिल है।
चार सूत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग
संघ ने मांग आधारित रोजगार योजना को लक्ष्य आधारित बनाकर तकनीकी सहायकों पर अनावश्यक दबाव डालने पर चिंता व्यक्त की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के आवास निर्माण एवं पूर्णता का दायित्व तकनीकी सहायकों पर डाले जाने को अनुचित बताया है।
संघ के अनुसार, तकनीकी सहायक VGPP, युक्तधारा, SECURE एवं e-MB जैसी तकनीकी प्रणालियों से संबंधित कार्यों तथा निर्माण कार्यों के मूल्यांकन की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद अतिरिक्त कार्यभार, लक्ष्य पूरा करने के दबाव और कार्रवाई की चेतावनियों से कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त संघ ने नियमित वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान तथा नियमानुसार यात्रा भत्ता प्रदान करने की मांग भी उठाई है।
जिला इकाई के पदाधिकारियों के नेतृत्व में प्रदर्शन
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी इकाई के अध्यक्ष श्री तुलसी राम देवांगन, उपाध्यक्ष श्री हिमांशु शर्मा एवं सचिव श्री शेखर सिन्हा के नेतृत्व में यह धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। जिले के सभी तकनीकी सहायकों की उपस्थिति ने अपनी मांगों के प्रति एकजुटता और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
संघ ने शासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान करने की अपील की है। संघ द्वारा 15 अक्टूबर को रायपुर में भी सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को शासन के समक्ष रखा जाएगा।
कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर कार्य परिस्थितियों में सुधार किया जाएगा, जिससे वे अपने तकनीकी दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकेंगे।











































