
कार में सवार थे पांच लोग, एक घायल की हालत नाजुक; विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जताया शोक
राजनांदगांव। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के पास हुए सड़क हादसे में राजनांदगांव के कौर परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कौर परिवार के पांच लोग सवार थे। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक राजनांदगांव के मंगलम मोटर्स के संचालक के परिजन बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
डॉ. रमन सिंह ने जताया दुख
हादसे पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।
फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी, मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











































