
राजनांदगांव, 14 अक्टूबर 2026। शहर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आदतन बाइक चोर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की सुबह 5 से 7 बजे के बीच उदयाचल रोड स्थित समता मंच के पास से उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एसी 3428 चोरी हो गई। इसकी कीमत 20 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 642/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घनश्याम जोशी (20), निवासी भालूकोन्हा, थाना घुमका, हाल मुकाम जय स्तंभ चौक, राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की।
दूसरी चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एसी 3428 के अलावा 8 अक्टूबर को ईमाम चौक ओवरब्रिज के नीचे से चोरी की गई टीवीएस पावर एक्सल मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एएन 3283 भी बरामद की। दोनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पहले भी चोरी, नकबजनी और आबकारी अधिनियम के तहत छह प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। इनमें वर्ष 2024 के चोरी के चार मामले, नकबजनी एवं चोरी का एक मामला तथा आबकारी अधिनियम का एक प्रकरण शामिल है।











































