
अवैध रूप से मांस विक्रय करने वालो पर होगी कठोर कार्यवाही
राजनांदगांव 22 अक्टूबर। राजनांदगॉव निगम सीमाक्षेत्र के वार्ड नं. 13 गौरीनगर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
अवैध निर्माण पर नगर निगम द्वारा संबंधित श्री अलीम खान को निर्माण तोडने नोटिस जारी किया गया था, जिसपर कार्यवाही करते हुए आज प्रशासन एवं निगम का अमला गौरीनगर में अवैध निर्माण को जे.सी.बी. से ढहाया गया। अवैध कारोबार पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने अवैध रूप से मास विक्रय करने वालो पर कठोर कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए है।
विदित है कि कुछ दिनों पूर्व गौरी नगर में अवैध कारोबार की जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन द्वारा संबंधितो पर कार्यवाही की गयी थी। उसी दौरान जाॅच करने पर शासकीय भूमि में अतिक्रमण कर मकान निर्माण संबंधी जानकारी प्राप्त हुई।
जिसे संज्ञान में लेते हुए महापौर श्री यादव के निर्देश पर नगर निगम द्वारा गौरीनगर में अतिक्रमणकारी श्री अलीम खान पिता श्री लतीफ खान को अवैध रूप से मकान निर्माण कर अवैध कारोबार संचालित करने पर जनआक्रोष को देखते हुए नोटिस जारी किया गया। नोटिस उपरांत किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त नही होने पर आज सुबह प्रशासन एवं निगम का अमला अवैध निर्माण को जे.सी.बी. के माध्यम से ढहाने की कार्यवाही किए।
इस दौरान निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम सहित एसडीएम श्री गौतम पाटिल,डीएसपी श्री एस.पी. तिवारी एवं तहसीलदार श्री प्यारेलाल नाग सहित प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा निगम प्रशासन के अधिकारी कर्मचारियों की मौजुदगी रही। अवैध निर्माण कर अवैध कारोबार संचालित करने वाले श्री अलीम खान का निर्माण तोडा गया। उक्त कारोबारी का अवैध रूप से मांस विक्रय करने पर पूर्व मे ठेला भी हटाया गया था।
शहर में मांस विक्रय का अवैध कारोबार संचालन करने वालो पर कार्यवाही करने सर्वधर्म सभा द्वारा मांग संबंधी ज्ञापन के परिप्रेक्ष्य में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने नोटिस जारी करने निगम के स्वास्थ्य अमला को निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि अवैध रूप से मांस विक्रय करने वाले को नोटिस देकर लायसेंस एवं दस्तावेज की जाॅच करे तथा अवैध कारोबार पर कार्यवाही करे।
साथ ही उन्होंने निगम द्वारा आबंटित दुकानों में भी अवैध रूप से मांस विक्रय करते पाये जाने पर आबंटन निरस्त करने के निर्देश दिए है। उन्होने कहा है कि पट्टाधारियो द्वारा अवैध कारोबार करने पर संबंधित का पट्टा निरस्तीकरण की जावेगी। महापौर ने कहा है कि किसी भी प्रकार के अवैध मांस विक्रय कारोबार पर जनभावनाओ के अनुरूप नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जावेगी।











































