back to top

आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें सुनिश्चित – कलेक्टर सलाम…

  • कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन एवं पारस पोर्टल की समीक्षा की, समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश
  • मोहल। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सीएम हेल्पलाइन एवं पारस पोर्टल के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों और शिकायतों के निराकरण की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
  • उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आवेदनों के निराकरण में गंभीरता बरतें तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई एवं निराकरण की जानकारी देना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्रीमती सलाम ने विभागवार आवेदनों के निराकरण की स्थिति एवं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की।
  • उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पेशल क्लोजर की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से जानकारी देते हुए प्राप्त प्रकरणों में निर्धारित नियमों के अनुसार ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
  • राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नामांतरण एवं बंटवारा जैसे महत्वपूर्ण मामलों को प्राथमिकता से निराकृत कर नस्तीबद्ध करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा का पालन किया जाए तथा लंबित आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। कलेक्टर ने पारस पोर्टल की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों, उनके निराकरण तथा लंबित प्रकरणों की विभागवार जानकारी ली।
  • उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
  • कलेक्टर ने योजना के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर चयन के पश्चात रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना सुनिश्चित करने तथा योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा साथ ही, लीड बैंक मैनेजर को पात्र हितग्राहियों के ऋण स्वीकृति संबंधी प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
  • कलेक्टर श्रीमती सलाम ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की योजनाओं एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
Advertisements

You cannot copy content of this page