
22 हजार रुपये लेने के बाद हालत गंभीर बताकर मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा, अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप
राजनांदगांव। शहर के पारख नर्सिंग होम में ईलाज के लिए भर्ती हुई 27 वर्षीय महिला की मौत के मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया है।
परिजनों के अनुसार, 26 अक्टूबर को खून की कमी के चलते बैसाखीन पति दीपक जोशी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि इलाज के दौरान उनसे करीब 22 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद अचानक महिला की हालत गंभीर बताकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उसे मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए कहा गया।
परिजनों के मुताबिक, वे महिला को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अस्पताल के बाहर ही उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों ने इलाज की प्रक्रिया और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि महिला की स्थिति गंभीर थी, तो समय रहते उन्हें इसकी स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई और उचित कदम क्यों नहीं उठाए गए।
घटना को लेकर परिजन पारख नर्सिंग होम में विरोध जता रहे हैं। मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष और उपचार से संबंधित तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









































