back to top

राजनांदगांव: फौजी ढाबा में अवैध शराब बिक्री का खुलासा, 52 पौवा गोवा व्हिस्की जब्त…

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी सुकुलदैहान की टीम ने ग्राम सुकुलदैहान स्थित फौजी ढाबा में छापेमारी कर 52 पौवा गोवा व्हिस्की शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 9.350 बल्क लीटर तथा कीमत 6,240 रुपये बताई गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुकुलदैहान निवासी रंजीत वर्मा (47) अपने फौजी ढाबा में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ढाबे में दबिश दी।

तलाशी के दौरान वहां से 52 पौवा गोवा व्हिस्की शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक राजू मेश्राम, प्रधान आरक्षक सेवक शर्मा तथा आरक्षक महेंद्र साहू, अजय जोशी और राजेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।