back to top

राजनांदगांव: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार…

नागपुर ले जाकर भी शोषण करने और मारपीट कर धमकी देने का आरोप, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन वर्मा, निवासी जुनवानी, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 27 अक्टूबर को डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि फरवरी 2026 में एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान उसकी पहचान पवन वर्मा से हुई थी। इसके बाद आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से उससे बातचीत करने लगा और शादी का झांसा देने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि 10 जून 2026 को आरोपी उसे अपने घर जुनवानी ले गया, जहां उसने परिजनों के सामने उसकी उम्र 18 वर्ष बताकर शादी कर ली। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने मारपीट करने, मोबाइल फोन तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

शिकायत के मुताबिक, 3 जुलाई को आरोपी पीड़िता को नागपुर ले गया, जहां भी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। 10 अगस्त को उसे वापस जुनवानी लाने के बाद आरोपी कुछ दिनों में उसे छोड़कर नागपुर चला गया। इसके बाद पीड़िता ने अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 64(2)(m), 351(3), 115(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख की टीम ने की।