back to top

राजनांदगांव: जनगणना 2027 के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित…

राजनांदगांव 28 अक्टूबर 2026। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय रायपुर के संयुक्त निदेशक श्री दीपक बी. गोदे एवं सहायक निदेशक श्री कविन्द्र कुमार रंगारी ने जनगणना की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से गणना करने की विस्तृत जानकारी दी।


प्रशिक्षण में बताया गया कि जनवरी से फरवरी 2027 के दौरान प्रगणकों द्वारा पूर्व में किए गए मकान सूचीकरण कार्य के आधार पर निर्धारित गणना ब्लॉकों में घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों की गणना मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी। जनगणना के दौरान एकत्रित आंकड़े पूर्णत: गोपनीय रखे जाएंगे तथा इनका उपयोग किसी अन्य कार्य के लिए नहीं किया जाएगा।

इस दौरान विदेशों से आए व्यक्तियों, बेघर परिवारों एवं घुमन्तु व्यक्तियों की पहचान कर उनकी भी गणना की जाएगी। गणना का कार्य 28 फरवरी 2027 की मध्यरात्रि तक पूर्ण किया जाएगा।

प्रशिक्षण में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त चार्ज अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारियों के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों के तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों सहित जनगणना कार्यालयों के जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों ने भाग लिया।

सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए निर्देश पुस्तिका प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।