
नई दिल्ली। देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल शामिल हुईं।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं देशभर से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सभी ने एकजुट होकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने, संविधान की रक्षा करने तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद की।
अभियान में सहभागिता करते हुए विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने इस अभियान को लोकतंत्र की मजबूती और आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रामलीला मैदान में आयोजित इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने, जनता के मताधिकार की सुरक्षा करने तथा संविधान के मूल्यों को अक्षुण्ण रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस दौरान रामलीला मैदान से लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देशभर में पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।









































