back to top

राजनांदगांव: गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाने राजनांदगांव से रायपुर तक उठेगी आवाज…

सर्व ब्राह्मण समाज एवं सनातनी समाज ने लिया राजधानी कूच का संकल्प, जल्द घोषित होगी यात्रा की तिथि

राजनांदगांव। गौ माता को छत्तीसगढ़ में ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण समाज एवं समस्त सनातनी समाज ने एकजुट होकर व्यापक अभियान चलाने का संकल्प लिया है। इसी कड़ी में जल्द ही राजनांदगांव से राजधानी रायपुर तक यात्रा निकालकर प्रदेश सरकार के समक्ष गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग बुलंद की जाएगी।

समाजजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 12 अक्टूबर को गौ हत्या की घटना के विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज एवं समस्त सनातनी समाज के लोगों ने एकजुट होकर आवाज उठाई थी। इसके बाद 28 अक्टूबर को माननीय कलेक्टर एवं एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर घटना के प्रति विरोध दर्ज कराया गया तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी।

इस आयोजन को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों और सनातनी बंधुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजकों ने इस सामूहिक प्रयास के लिए सभी विप्रजनों एवं सनातनी समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

जल्द होगा राजधानी रायपुर के लिए कूच

अब अभियान को अगले चरण में ले जाने की तैयारी की जा रही है। गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से जल्द ही राजनांदगांव से राजधानी रायपुर के लिए प्रस्थान किया जाएगा। इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में ब्राह्मण समाज एवं समस्त सनातनी बंधुओं से शामिल होने की अपील की गई है।

आयोजकों ने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। राजधानी रायपुर प्रस्थान की तिथि एवं समय की घोषणा जल्द ही की जाएगी। समाजजनों ने इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने का आह्वान किया है।