back to top

राजनांदगांव: सत्यजीत देशमुख हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी जीजा-साला रायपुर से गिरफ्तार, कई महीनों से पुलिस कर रही थी तलाश…

राजनांदगांव। चिखली चौकी पुलिस ने सत्यजीत देशमुख हत्याकांड के फरार दो मुख्य आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल्ल साहू उर्फ विक्की (33 वर्ष) और मुकेश साहू (34 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। पुलिस कई महीनों से उनकी तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मृतक पप्पू देशमुख के घर में घुसकर मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद शव को गुमराह करने के उद्देश्य से जिला अस्पताल में छोड़ दिया गया था। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि प्रफुल्ल और मुकेश फरार थे।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से नागपुर, चंद्रपुर, अकोला, पुणे और शिर्डी सहित विभिन्न स्थानों पर तलाश की। इसी दौरान दोनों आरोपियों के रायपुर के बसंत विहार में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रफुल्ल साहू के खिलाफ महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मुकेश साहू का भी आपराधिक रिकॉर्ड है।