back to top

राजनांदगांव: शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन का दिया गया प्रशिक्षण…

फायर डेमोंस्ट्रेशन के जरिए 150 अधिकारी-कर्मचारियों को सिखाए आग से बचाव के तरीके

राजनांदगांव, 3 नवंबर। शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय पेंड्री, राजनांदगांव में आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष (एचओडी), फैकल्टी स्टॉफ एवं सिक्योरिटी गार्ड सहित लगभग 150 अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री ए.के. सिंह के मार्गदर्शन में अग्नि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन विभाग की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने के प्रमुख कारण, आग से बचाव के उपाय, अग्निशमन यंत्रों के प्रकार एवं उनके सही उपयोग तथा प्राथमिक अग्निशमन तकनीकों के बारे में बताया गया।

इस अवसर पर अग्निशमन दल द्वारा अग्निशमन यंत्रों के संचालन का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल एवं सुरक्षित कार्रवाई करने, आग पर काबू पाने तथा आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय परिसर में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना तथा जन-धन की हानि को रोकने के लिए कर्मचारियों को तैयार करना था।

इस दौरान अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जागरूकता, सतर्कता एवं समय पर की गई कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में फायर स्टेशन इंचार्ज श्री ईमाम बेग, फायरमैन पुमेश कुमार, तरुण कुमार साहू, राजेश सिन्हा, सैनिक डोमेंद्र बांधे, श्याम सुंदर साहू, महिला सैनिक निशा निषाद एवं पोसिन साहू सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।