
राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में डोंगरगढ़ पुलिस ने अजयबाड़ी स्थित कचरा गोदाम के पास जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम, ताशपत्ती, लाइट, चटाई सहित 12 मोटरसाइकिल एवं स्कूटी और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अजयबाड़ी कचरा गोदाम के पास कुछ लोग लाइट जलाकर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेलते हुए 8 लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की शर्मा (37 वर्ष), मनीष यादव (38 वर्ष), भीष्मप्रताप सिंह (31 वर्ष), महेन्द्र निर्मलकर (27 वर्ष), पवन गोली (25 वर्ष), शेख आदिल (29 वर्ष), रोहित मेश्राम (33 वर्ष) एवं आशीष ठाकुर (23 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी डोंगरगढ़ के अलग-अलग वार्डों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 14,570 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, एक एलईडी लाइट, एक चटाई, 12 मोटरसाइकिल एवं स्कूटी तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।










































