back to top

राजनांदगांव : भालूकोंहा में संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन, विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह…

चारभाठा स्कूल की टीम ने कबड्डी में मारी बाजी, बीरेझर स्कूल रही उपविजेता

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भालूकोंहा में 19 नवंबर 2026 को संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के दौरान बालिका वर्ग का कबड्डी मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले को विधायक ने देखा और उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणजनों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों से बच्चों में शारीरिक एवं मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में चारभाठा स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बीरेझर स्कूल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर उपविजेता का गौरव हासिल किया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री दुर्गेश द्विवेदी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह और खेल भावना देखते ही बन रही थी।