back to top

घने जंगल और दुर्गम पहाड़ियों के बीच ग्राम सुडियाल तक पहुंचेगी बिजली, 44.40 लाख रुपये से हो रहा विद्युत लाइन विस्तार…

मोहला, 19 नवंबर 2026 – मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के विकासखंड मानपुर अंतर्गत सुदूर एवं अत्यंत दुर्गम वनांचल में स्थित ग्राम सुडियाल तक बिजली पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में विद्युत अधोसंरचना विस्तार का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री मजराटोला योजना के अंतर्गत 44 लाख 40 हजार रुपये की लागत से ग्राम में विद्युतीकरण कार्य कराया जा रहा है।

इसके तहत 7.5 किलोमीटर 11 के.व्ही. विद्युत लाइन, 550 मीटर एल.टी. लाइन तथा 25 के.व्ही.ए. क्षमता का एक नग वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। परियोजना का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य प्रगतिरत है।

दुर्गम रास्तों पर मोटरसाइकिल से पहुंचे अधिकारी, लिया कार्य का जायजाग्राम सुडियाल की अत्यंत दुर्गम भौगोलिक स्थिति एवं घने जंगलों के बीच पहुंच मार्ग की कठिनाइयों को देखते हुए राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम एवं अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर ने स्वयं मोटरसाइकिल से संबंधित क्षेत्र तक पहुंचकर स्थल निरीक्षण किय

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुर्गम वनांचल, ग्राम की बसाहट, प्रस्तावित विद्युत लाइन के मार्ग एवं कार्यस्थल की परिस्थितियों का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने विद्युत लाइन विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर आ रही चुनौतियों की जानकारी भी ली। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता मोहला संभाग श्री अनिल कुमार रामटेके, सहायक अभियंता श्री षिरीश कुमार मिलिंद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए।

घने जंगल और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच चुनौतीपूर्ण है कार्यग्राम सुडियाल अत्यंत पहुंचविहीन क्षेत्र एवं घने जंगलों के बीच स्थित होने के कारण यहां विद्युत लाइन विस्तार का कार्य सामान्य क्षेत्रों की तुलना में काफी चुनौतीपूर्ण है।

दुर्गम रास्ते, वन क्षेत्र एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते निर्माण सामग्री पहुंचाने, विद्युत लाइन के लिए मार्ग तैयार करने तथा कार्य को निर्धारित गति से आगे बढ़ाने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके बावजूद कम्पनी के मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण के साथ विद्युतीकरण कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

अंतिम छोर तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है पावर कम्पनीमुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम ने कहा कि सुदूर एवं दुर्गम वनांचल में निवासरत ग्रामीण परिवारों तक बिजली जैसी बुनियादी सुविधा पहुंचाना पावर कम्पनी की प्राथमिकता है।

भौगोलिक चुनौतियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, प्रत्येक बसाहट तक विद्युत सुविधा पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्राम सुडियाल में विद्युत लाइन विस्तार का कार्य पूर्ण होने से ग्रामीणों को बिजली सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे बच्चों की शिक्षा, घरेलू गतिविधियों एवं ग्रामीणों की आजीविका संबंधी आवश्यकताओं को भी लाभ मिलेगा।


उन्होंने मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम वनांचल में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विद्युत अधोसंरचना का निर्माण करना टीमवर्क, तकनीकी दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है। पावर कम्पनी का लक्ष्य है कि विकास की रोशनी से कोई भी ग्रामीण बसाहट वंचित न रहे।


मुख्यमंत्री मजराटोला योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा दूरस्थ वनांचल, मजरा-टोलों एवं पहुंचविहीन बसाहटों तक बिजली पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्राम सुडियाल में संचालित यह विद्युतीकरण परियोजना अंतिम छोर तक बिजली पहुंचाने के कम्पनी के संकल्प और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।