
नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत 4 लाख 500 रुपये
राजनांदगांव। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए महाराष्ट्र की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8.224 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 4 लाख 500 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध महिलाएं रायपुर की ओर से बस में गांजा लेकर चिचोला बस स्टैंड पहुंची हैं और बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में चिचोला पुलिस की टीम ने बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर दी।
इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़कर पूछताछ की गई। उनकी पहचान आशा सुनील काडे (28 वर्ष), निवासी बोरगांव, जिला बीड और गौरी भगवान काले (45 वर्ष), निवासी शिरडी, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई।
दो बैग में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस ने दोनों महिलाओं के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली। इसमें खाकी रंग के टेप से लिपटे प्लास्टिक पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान आशा सुनील काडे के कब्जे से 4.110 किलोग्राम और गौरी भगवान काले के कब्जे से 4.114 किलोग्राम गांजा मिला। इस तरह पुलिस ने कुल 8.224 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 500 रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चौकी चिचोला, थाना छुरिया में अपराध क्रमांक 223/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार जेल दाखिल कराया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, हरण लाल जगनीत, महिला आरक्षक कुसुम एक्का, आरक्षक रमेश कतलम एवं चालक आरक्षक गजेन्द्र भारद्वाज की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्त अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।










































