
राजनांदगांव, 27 नवंबर 2026 – छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा उत्पादन एवं बैटरी एनर्जी स्टोरेज तकनीक के क्षेत्र में विकसित आधुनिक विद्युत परियोजना का प्रत्यक्ष अध्ययन करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) के महानिदेशक श्री आलोक कुमार सहित देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने राजनांदगांव जिले में स्थापित बैटरी एनर्जी स्टोरेज आधारित सोलर पावर प्लांट का क्षेत्रीय भ्रमण किया।
इस दौरान राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने संयंत्र की कार्यप्रणाली, सौर ऊर्जा उत्पादन की आधुनिक तकनीक, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम तथा विद्युत ग्रिड से इसके एकीकरण की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इस अवसर पर राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्श कुमार मेश्राम, सीई श्री ए.के. लखेरा एवं श्री संजीव सिंह, अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में स्मार्ट विद्युत अधोसंरचना एवं अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और तकनीकी उपलब्धियों से देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों को अवगत कराना तथा विभिन्न राज्यों के बीच तकनीकी अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।
सैकी सोलर पावर प्लांट के अधिकारियों ने दिया विस्तृत तकनीकी प्रेजेंटेशन
भ्रमण के दौरान सैकी सोलर पावर प्लांट के अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के समक्ष पावर प्लांट की स्थापना, तकनीकी संरचना, विद्युत उत्पादन क्षमता एवं संचालन व्यवस्था पर विस्तारपूर्वक प्रेजेंटेशन दिया गया। प्रेजेंटेशन के माध्यम से सोलर मॉड्यूल की कार्यप्रणाली, बाइफेशियल सोलर पैनलों की विशेषताएं, सौर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम में ऊर्जा के संग्रहण एवं आवश्यकता के अनुरूप उसके उपयोग तथा विद्युत ग्रिड के साथ समन्वय की तकनीकी व्यवस्था की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने परियोजना के विभिन्न तकनीकी घटकों की कार्यप्रणाली को क्रमबद्ध तरीके से समझाते हुए बताया कि सौर ऊर्जा उत्पादन और बैटरी स्टोरेज तकनीक का समन्वय किस प्रकार नवीकरणीय ऊर्जा की उपयोगिता बढ़ाने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक हो सकता है। प्रेजेंटेशन के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने संयंत्र के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन कर तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की तथा परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
452 एकड़ में विकसित 100 मेगावॉट क्षमता का आधुनिक सोलर पावर प्लांट
राजनांदगांव जिले के डुंडेरा (टप्पा) क्षेत्र में लगभग 452 एकड़ भू-भाग पर 960 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह सोलर पावर प्लांट प्रदेश की महत्वपूर्ण अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है। 100 मेगावॉट क्षमता वाले इस संयंत्र में 660 वॉट क्षमता के लगभग 2 लाख 39 हजार बाइफेशियल सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं। इन पैनलों की विशेषता यह है कि इनके दोनों ओर से
सौर ऊर्जा प्राप्त कर विद्युत उत्पादन किया जाता है। संयंत्र से प्रतिदिन लगभग 5 लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। यह परियोजना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
बैटरी स्टोरेज तकनीक से ऊर्जा आपूर्ति को मिल रही है नई मजबूती
इस सोलर पावर प्लांट की प्रमुख विशेषता इसके साथ स्थापित बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम है। इसके माध्यम से सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली का भंडारण कर आवश्यकता के अनुरूप उपयोग किया जा सकता है। विशेष रूप से दिन में उत्पादित सौर ऊर्जा को संग्रहित कर रात्रिकालीन अवधि में विद्युत आपूर्ति के लिए उपयोग करने की व्यवस्था इस परियोजना को तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाती है। इससे सौर ऊर्जा की उपलब्धता और उपयोगिता बढ़ाने के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं संतुलित बनाने में मदद मिलेगी।
भ्रमण के दौरान एआईडीए के महानिदेशक श्री आलोक कुमार सहित प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संयंत्र में स्थापित सोलर मॉड्यूल, विद्युत उत्पादन प्रणाली, बैटरी स्टोरेज व्यवस्था तथा ग्रिड कनेक्टिविटी से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। प्रतिनिधियों ने प्रेजेंटेशन एवं प्रत्यक्ष निरीक्षण के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन और भंडारण के समन्वित मॉडल को समझा।
हरित ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण पहल
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव जिले में स्थापित यह परियोजना बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा उत्पादन और बैटरी एनर्जी स्टोरेज तकनीक के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस प्रकार की परियोजनाएं पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने, नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम उपयोग तथा भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत एवं आधुनिक ऊर्जा अधोसंरचना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल का यह क्षेत्रीय भ्रमण छत्तीसगढ़ में विकसित आधुनिक सौर ऊर्जा परियोजनाओं की तकनीकी विशेषताओं एवं कार्यानुभवों को देश की अन्य विद्युत वितरण कंपनियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सैकी सोलर पावर प्लांट के अधिकारियों द्वारा दिए गए विस्तृत तकनीकी प्रेजेंटेशन एवं संयंत्र के प्रत्यक्ष अवलोकन से प्रतिनिधियों को सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज तकनीक के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला। इससे विभिन्न राज्यों के बीच तकनीकी ज्ञान, नवाचार एवं ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।










































