
राजनांदगांव: कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने आज बसंतपुर स्थित मातृ शिशु हास्पिटल में बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन सिरप पिलाकर शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि नियमित टीकाकरण दिवस मंगलवार एवं शुक्रवार के दिन अपने 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र या आंगनबाड़ी केन्द्रों में ले जाकर आयरन एवं फोलिक एसिड की सिरप और विटामिन ए की दवा अवश्य पिलाए। अपने नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र एवं मितानिन से सतत संपर्क में रहे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी एवं डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे, जिला टीकाकरण अधिकारी श्री बीएल कुमरे तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि 22 जनवरी से 26 फरवरी 2021 तक शिशु संरक्षण माह चलेगा। यह अभियान कुल 10 सत्रों में चलाया जाना है। जिसमें नियमित टीकाकरण दिवस मंगलवार एवं शुक्रवार के लिए 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की दवा की अतिरिक्त खुराक तथा 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन, फोलिक एसिड की सिरप दी जाएगी। अभियान में नियमित टीकाकरण के साथ 9 माह से 5 वर्ष तक के 1 लाख 24 हजार 964 बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई जाएगी तथा 6 माह 5 वर्ष तक कुल 1 लाख 13 हजार 934 बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड की प्रदान की जाएगी।
ज्ञातव्य है कि विटामिन ए की दवा से बच्चों की रोगप्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और उनका मानसिक विकास होता है तथा नाईट ब्लाईडनेस रोग से रोकथाम होती है। आयरन सिरप बच्चों में होने वाली खून की कमी को दूर करता है।









































