back to top

रायपुर : बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा दिलाएं, शिक्षा से ही आएगी जागरूकता : सुश्री उइके…

राज्यपाल आदिवासी सेवा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन में वर्चुअल रूप से हुई शामिल 

रायपुर, 14 मार्च 2021-आदिवासी समाज अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा दिलाएं, शिक्षा ही विकास की महत्वपूर्ण कुंजी है। शिक्षा से ही जागरूकता आएगी और समाज सशक्त होगा। उक्त बातें राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज आदिवासी सेवा मण्डल भोपाल द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। राज्यपाल इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुई।


राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी सेवा मण्डल विगत 50 वर्षों से आदिवासी समाजों के समाज सेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उच्च शिक्षित व्यक्तियों, विद्यार्थियों, निजी क्षेत्रों में कार्यशील व्यक्तियों आदि के मध्य क्रियाशील सामंजस्य स्थापित कर आदिवासी समाज की बेहतरी के लिए कार्य कर रहा है, यह सराहनीय है।
सुश्री उइके ने कहा कि आदिवासी समाज हमेशा से प्रकृति से जुड़ा हुआ होता है। उनकी हर परंपराएं, धार्मिक आयोजन, लोक नृत्य, संस्कृति में प्रकृति का प्रभाव है, या यूं कहें कि उनमें प्रकृति ही समाहित है। इनके गोत्र चिन्ह, वनस्पति और वन्य जीवों के नाम पर, देवी-देवता वन्य संसाधन जैसे पहाड़ या वन्य जीव या और कुछ, इनके लोकनृत्य सभी में प्राकृतिक सौंदर्य की छाप होती है।

राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी समाज के सदस्य विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग भूमिकाओं में कार्य कर रहे हैं। आपके पास जब आदिवासी वर्ग का कोई व्यक्ति किसी काम के लिए आए तो उसकी समस्या को गंभीरतापूर्वक सुने और उसे दो कदम आगे बढ़कर सहयोग करें। इस तरह कर आप जहां अपने दायित्वों का सही निर्वहन करेंगे, वहीं समाज के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी करने में आप कामयाब होंगे। आप लोगों का यह प्रयास आदिवासी समाज को आगे ले जाने में बहुत मददगार साबित होगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री बिसाहू लाल सिंह, अध्यक्ष श्री मनोहर सिंह ठाकुर, लखनादौन विधायक श्री योगेन्द्र सिंह, श्रीमती चंदा सर्वटे, श्री अजय शाह, बरघाट विधायक श्री अर्जुन ककोडिया, मनावर विधायक श्री हीरा लाल अलावा, श्री प्रकाश ठाकुर और आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page