डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा

राजनांदगांव कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज दिग्विजय स्टेडियम स्थित डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा बैठक में कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण की दर मेें कमी आई है तथा अतिआवश्यक कार्य हेतु कुछ सेवाओं में आंशिक छूट दी गई है। इस छूट में अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकले। देखने में आया है कि नागरिक छूट का फायदा उठाते हुए बिना कारण भी घूम रहें हैं। इससे संक्रमण फैलने की अधिक संभावना रहती है। ऐसी लापरवाही से लोग अपने साथ अपने परिवार को भी संक्रमित करते हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोडने के लिए नागरिक आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। जब भी घर से बाहर निकले तो मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें तथा हाथ को बार-बार सेनेटाईज करते रहे। इससे ही कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जारी आदेश के अनुसार जिन दुकानों को छूट दी गई है, वे ही निर्धारित समय तक दुकान खोले तथा इन जगहों पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कोरोना के अधिक केस आ रहे हैं, वहां सेम्पलिंग करने के बाद पाजिटिव आने वाले मरीजों का आईसोलेशन में कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन होना चाहिए। गांव में सर्वे के दौरान लक्षण वाले मरीजों का टेस्ट कराएं। वन क्षेत्रों में तेन्दूपत्ता संग्रहण तथा विक्रय का कार्य किया जाएगा। उन स्थानों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना सुनिश्चित करें। होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों से लगातार संपर्क कर स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहें तथा लक्षण नहीं होने पर उन्हें आईसोलेशन से डिस्चार्ज कर एन्ट्री करें।
जिन व्यक्तियों का टीकाकरण हो गया है, उनके स्वास्थ्य के संबंध में मितानीन संपर्क कर स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कविलाश टंडन, एसडीएम मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, राहुल रजक, डीपीएम गिरीश कुर्रे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रेणु प्रकाश, शासकीय मेडिकल कालेज के अरविंद चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











































