दुर्ग विश्वविद्यालय: 10 जून तक उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के आदेश, आज होगी बैठक…

दुर्ग/भिलाई/दुर्ग विश्वविद्यालय – विवि की वेबसाइट पर वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं के प्रश्न पत्र अपलोड किए गए हैं। उनके जवाब लिखने के बाद छात्रों को उन्हीं कॉलेजों में आंसरशीट जमा करने को कहा गया है, जहां से उन्होंने आवेदन किया है या फिर प्रवेश लिया है।

Advertisements

इसके तहत अभी तक विभिन्न महाविद्यालयों में 95 फीसदी कॉपियां जमा हो गई हैं। इसके लिए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि वह विवि में 10 जून तक उत्तर पुस्तिकाएं हर हाल में जमा कर दें, ताकि उनका मूल्यांकन जल्दी शुरू किया जा सके।

कुलसचिव डॉ. सीएल देवांगन ने बताया कि अभी तक दो चरणों की ऑनलाइन परीक्षाएं हो चुकी हैं। तीसरे चरण के तहत भी प्रश्न पत्रों को अपलोड करने का सिलसिला चल रहा है। इसके तहत अंडर ग्रेजुएशन और कुछ सेमेस्टर कक्षाओं की ऑनलाइन परीक्षा हो रही है। यह 5 जून तक चलेगी। इसके बाद चौथे चरण की छात्र-छात्राओं को प्रश्न पत्र अपलोड होने वाले दिन से 10 दिन बाद तक उत्तर पुस्तिकाएं अपने कॉलेजों में जमा करने को कहा गया है।

उत्तर पुस्तिका जमा करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। इसके लिए मंगलवार को दोपहर 12 बजे विवि से संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और उनके प्रतिनिधियों की ऑनलाइन बैठक होगी। कुलपति डॉ. अरुणा पल्टा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगी। प्राचार्यों से उत्तर पुस्तिका जमा करने की तिथियों और अन्य बिंदुओं पर विचार-विमर्श करेंगी।