राजनांदगांव : महिला समूह गठन कर लोन दिलाने का झांसा देने के आरोप में महिला गिरफ्तार…

राजनांदगांव डोंगरगांव । महिला समूह गठन कर लोन दिलाने का झांसा देने के आरोप में पुलिस ने समीपस्थ ग्राम बगदई की एक महिला को गिरफ्तार किया है ।आरोपी महिला इससे पहले भी इसी तरह के मामले में जेल की हवा खा चुकी है ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम ठाकुरबांधा थाना गैंदाटोला निवासी सुनीता बाई पति कुम्हार साय ने थाना आकर आवेदन प्रस्तुत किया कि चंदाबाई बारमाटे हाल मुकाम शंकरपुर राजनांदगांव द्वारा स्वयं को एनजीओ का कर्मचारी बताकर गांव में समूह गठन कर महिलाओं को अपने झांसे में लेकर 1 माह के अंदर ₹500000 व्यवसाय के लिए लोन दिलाने की बात कह कर यह भी कहा गया कि इसके लिए समूह के प्रत्येक सदस्य के खाते में ₹30000 रहना अनिवार्य है ।

समूह के सदस्यों के खाते में पर्याप्त राशि ना होने पर सदस्यों को पृथक से लोन दिलवाया गया। इसके बाद आरोपी महिला द्वारा अपने एक साथी तेजराम सोनवानी के साथ मिलकर अलग-अलग लगभग ₹3 लाख 30 हजार रू सदस्यों से खाते से निकलवा कर अपने पास रख धोखाधड़ी किया गया ।इस मामले में पुलिस ने भादंवि की धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की और जांच में आरोप सही पाए जाने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर आरोपी महिला चंदाबाई बारमाटे पति स्वर्गीय कांतिलाल बारमाटे (51 वर्ष )को राजनांदगांव से पकड़ा गया और मामले के संबंध में पूछताछ किया गया ।पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया पुलिस उनके एक अन्य फरार साथी की तलाश कर रही है।