राजनांदगांव : जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी से ग्राम आतरगांव के निवासी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से हुए अवगत…

राजनांदगांव 23 दिसम्बर 2021। शासन के 3 वर्ष पूरे होने पर जनसंपर्क विभाग द्वारा अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम आतरगांव के हाट-बाजार में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें आस-पास के ग्रामवासी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ ले रहे हैं। ग्राम आतरगांव में विकासखंड स्तरीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष श्रीमती कुमारी बाई जुरेसिया ने किया। इसके बाद उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित शासन की कल्याणकारी योजनाओं की पुस्तक, पत्रिका, पाम्पलेट, ब्रोसर दिया गया और फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत हुए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूल के विद्यार्थियों ने जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनमन पत्रिका पाकर खुशी जाहिर की।

फोटो प्रदर्शनी देखने आए ग्राम आतरगांव निवासी श्रवण नेताम ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत पंजीयन कराया हूं। भूमिहीन किसानों के लिए शासन की यह योजना आर्थिक रूप से लाभकारी है। इस योजना से प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त होगी। इसके लिए उन्होंने शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

आतरगांव निवासी रमेश दामले ने कहा कि पहली मोर घर में पानी के बहुत समस्या रहीस, जल जीवन मिशन योजना से अब हमर गांव में भरपूर पानी आवत हे। हर घर नलजल योजना से पानी घर तक पहुंचत हे। जेखर से गांव में अब पानी के कोई समस्या नहीं हे। बिजली बिल पहली ज्यादा आवत रहीस हे लेकिन शासन के बिजली बिल हाफ योजना से अब बिजली बिल कम आथे। जेखर से मोला बहुत राहत मिले हे। ऐखर बर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ला धन्यवाद देवत हो।

ग्राम आतरगांव के ग्राम सचिव ने कहा कि जनसंपर्क विभाग द्वारा फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी किसान भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, समर्थन मूल्य में धान खरीदी, गोधन न्याय योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। गोधन न्याय योजना के तहत 2 रूपए किलो में गोबर खरीदने वाली देश की पहली योजना है। गोबर से वर्मी खाद का निर्माण किया जा रहा है। जिससे जैविक खेती को बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के लिए ग्राम आतरगांव के 21 परिवार पात्र हैं। इसके साथ ही फोटो प्रदर्शनी में मासिक पत्रिका जनमन, आदिवासी हित सबसे आगे, राजीव गांधी किसान न्याय योजना का पाम्पलेट नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है। जनसंपर्क विभाग द्वारा फोटो प्रदर्शनी का आयोजन ग्रामों में होने से किसानों एवं ग्रामीणों को सुगमता से जानकारी मिल रही है। फोटो प्रदर्शनी में ग्राम पंचायत सरगांव के सरपंच उमेश कुमार, सचिव हेमंत साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।