राजनांदगांव : अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस 26 जून…

राजनांदगांव 09 जून 2022। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस 26 जून को मनाया जाएगा।  जनसमुदाय की सहभागिता से नशापान के विरूद्ध व्यापक जनमत तैयार करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने विभिन्न विभागों को संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

समाज कल्याण विभाग द्वारा इस संबंध में ज्ञापन भी जारी किया गया है। नशे की रोकथाम के लिए समुदाय में जागरूकता लाने की आवश्यकता है। ग्राम पंचायत स्तरों पर गठित भारत माता वाहिनी को नशा मुक्ति कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए निर्देश दिया गया है। रेडियो एवं दूरदर्शन से नशा मुक्ति कार्यक्रमों का प्रसारण, सभी विभागों के समन्वय से नशापान के विरूद्ध समुचित कार्यवाही, यथासंभव नशा पीडि़तों से प्रत्यक्ष संवाद कर उन्हें नशा मुक्ति के दुष्परिणामों की जानकारी देना, नशा मुक्ति साहित्यों का वितरण, सोशल मीडिया में प्रेरक स्लोगन, चित्रों आदि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार, नशा तथा एड्स प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में नशापान के विरूद्ध जागरूकता लाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यार्थियों में नशापान के विरूद्ध जागरूकता लाने के लिए विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में नशापान न करने के लिए प्रेरक उद्बोधन संबंधी कार्यक्रम कराने कहा गया है। स्थानीय परिवेश के अनुरूप अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं। कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन  स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन करते हुए जनसामान्य की सहभागिता एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से नशा निवारण दिवस का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।