
राजनांदगांव 03 नवम्बर 2022। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज अधिकारी कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली। कलेक्टर डोमन सिंह ने अधिकारी-कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने शपथ में कहा प्रतिज्ञा में मेरा विश्वास है कि हमारे देश की आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार एक बड़ी बाधा है। मेरा विश्वास है कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन करने के लिए सभी संबंधित पक्षों जैसे सरकार, नागरिकों तथा निजी क्षेत्रों को एक साथ मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।
मेरा मानना है कि प्रत्येक नागरिक को सतर्क होना चाहिए तथा उसे सदैव ईमानदारी तथा सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों के प्रति वचनबद्ध होना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के विरूद्ध संघर्ष में साथ देना चाहिए। अत: मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी तथा कानून के नियमों का पालन करूंगा। ना तो रिश्वत लूंगा और ना ही रिश्वत दूंगा। सभी कार्य ईमानदारी तथा पारदर्शी रीति से करूंगा। जनहित में कार्य करूंगा। अपने निजी आचरण में ईमानदारी दिखाकर उदाहरण प्रस्तुत करूंगा। भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की रिपोर्ट उचित एजेंसी को दूंगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।









































