राजनांदगांव : राजस्व वसूली के लिये वार्डाे में 14 नवम्बर से 30 दिसम्बर तक शिविर आयोजित…


21 से 26 नवम्बर तक वार्ड नं. 5,6,7,10,11,12, 42 व 46 मेें शिविर

राजनांदगांव 18 नवम्बर। नगर निगम राजस्व वसूली के लिये सुनियोजित अभियान चलाने जा रहा है। निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बकाया राजस्व वसूली के लिये वार्ड प्रभारियों के साथ-साथ पूरी राजस्व टीम को वार्डवार शिविर के संबंध में कार्यक्रम निर्धारित कर लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य सम्पादित करने के निर्देश दिये हैं। राजस्व शिविर के प्रभारी अधिकारी प्र.राजस्व अधिकारी श्री भूपेन्द्र वाडेकर रहेंगे।


निगम आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने राजस्व वसूली के कार्यक्रम की जानकारी देते हुये बताया कि वर्तमान में नगर निगम की राजस्व वसूली शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम (भवन/भूमि) कि वार्षिक भाड़ा मूल्य अवधारण निगम 1997 की कंडिका 12 के अंतर्गत नगर पालिक निगम के अधिकारी/कर्मचारियों को संबंधित भूमि भवनों के वार्षिक भाड़ा मूल्य के आधार पर सम्पत्ति/समेकितकर के निर्धारण तथा वसूली हेतु प्रातः 10ः30 बजे से 5ः00 बजे तक 14 नवम्बर से 30 दिसम्बर तक प्रतिदिन वार्डों में चलाये जाने वाले इस अभियान के लिये अधिकारियों व कर्मचारियों को राजस्व वसूली का दायित्व सौपा गया है। शिविर में सम्पत्तिकर के साथ साथ जलकर, समेकितकर,दुकान किराया/लायसेन्स/गुमटी एवं अन्य बकाया की वसूली की जावेंगी।


निगम आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर के प्रथम चरण में दिनांक 14 से 19 नवम्बर को 10 वार्डो में शिविर आयोजित किया गया जिसमें करदाताओं ने अपने बकाया विभिन्न करों का भुगतान किया और अब द्वितीय चरण में दिनांक 21 से 26 नवम्बर तक वार्ड नं. 5,6 व 10 के लिये चिखली स्कूल में, वार्ड नं. 7,11 व 12 के लिये आयुर्वेदिक औषधालय स्टेशन पारा में एवं वार्ड नं. 42 व 46 के लिये सामुदायिक भवन बसंतपुर मे प्रातः 10ः30 से 5ः00 बजे तक शिविर का आयोजन किया गया है।

इसी प्रकार शेष वार्डाे में भी वसूली के लिये शिविर का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से नगर निगम द्वारा आयोजित वार्ड शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने बकाया करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनने की अपील की है।