राजनांदगांव : मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्‍व में सरकार के फैसले राज्‍य के लिए संजीवनी साबित हुए – जितेंद्र मुदलियार…

युवा आयोग अध्‍यक्ष ने कहा – बेमिसाल 4 साल से प्रदेश में संपन्‍नता और खुशहाली आई

राजनांदगांव – छत्‍तीसगढ़ राज्‍य युवा आयोग अध्‍यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने माटीपुत्र मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्‍व में छत्‍तीसगढ़ सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने जारी बयान में कहा है कि, यह चार वर्ष चुनौतियों से पार पाकर नई उपलब्धियां हासिल करने वाले रहे हैं। कोरोना की विभिषिका और पूर्ववर्ती सरकार के 15 साल के कार्यकाल में लिए गए अनुचित निर्णयों से जूझते राज्‍य के लिए कांग्रेस सरकार के फैसले संजीवनी साबित हुए हैं।

उन्‍होंने कहा कि, पूर्ववर्ती सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में आर्थिक सुधार, ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था के विकास सहित सांस्‍कृतिक-पारंपरिक धरोहर को सहेजने में किसी तरह की दिलचस्‍पी नहीं ली गई। खेती और किसानों को सुदृढ़ करने के क्षेत्र में कोई काम नहीं हो सका था। किशोरावस्‍था में पहुंचने तक राज्‍य का भविष्‍य सुनिश्चित नहीं था।

मुदलियार ने कहा कि, वर्ष 2018 में जनता ने प्रदेश में परिवर्तन की लहर में उन्‍हें बहा दिया। मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल जी के नेतृत्‍व में 17 दिसंबर 2018 को प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने कमान संभाली। शपथ ग्रहण के आधे घंटे के बाद ही मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने लाखों किसानों का ऋण माफ कर कांग्रेस के संकल्‍प के प्रति प्रतिबद्धता स्‍पष्‍ट कर दी। जिस प्रदेश में आए दिन ऋण से लदे किसानों की आत्‍महत्‍या के मामले सामने आते थे आज उनके चेहरों में मुस्‍कुराहट और जीवन में संपन्‍नता आई है।

उन्‍होंने कहा कि, शासकीय सेवकों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली एक बड़ा कदम है जो सरकार ने यहां उनके हितों के लिए लागू किया है। मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए पांच कार्यदिवस प्रति सप्ताह प्रणाली लागू की। इस फैसले के प्रति शासकीय सेवकों ने सरकार का आभार प्रकट किया।

युवा आयोग अध्‍यक्ष ने कहा कि, बरसों पुरानी मांगों को लेकर भी सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कोरोना की विभिषिका से जूझते हालात में भी मुख्‍यमंत्री विकास के लक्ष्‍य को लेकर समर्पित रहे। प्रदेश में 5 नए जिलों का गठन किया। इन जिलों के लोग आज शासकीय कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने और बेवजह परेशान होने मजबूर नहीं हैं।

उन्‍होंने कहा कि, मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल जी के नेतृत्‍व वाली सरकार ने न्‍याय योजना लागू कर प्रदेश की अर्थव्‍यवस्‍था में सुधार के प्रयासों में क्रांति ला दी। फसल खरीद की उचित दरें, गोबर – गौमूत्र खरीदी, गौठान योजना ने ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था को जो रफ्तार दी है उसने हमारे विकास की गति अप्रत्‍याशित रुप से बढ़ा दी।

उन्‍होंने कहा कि, आज मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्‍व में सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्‍य में गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने अपने बूते जो अवसर प्राप्‍त किए और नई उपलब्धियां हासिल की वह ऐतिहासिक है। बिसरती संस्‍कृति, परंपरा को दोबारा नई पहचान मिली और आज न केवल छत्‍तीसगढ़ बल्कि इस विषय पर राष्‍ट्र स्‍तर पर चर्चाएं हो रही हैं और इसे सराहा जा रहा है।

मुदलियार ने कहा कि, पूर्ववर्ती सरकार के कुशासन और अनीतिगत फैसलों के चलते जो राज्‍य जिस गर्त में था आज माटीपुत्र मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल जी के नेतृत्‍व में सुशासन और जनहितैषी निर्णयों के चलते कई अर्श पर है। हमारी कामयाबी की चर्चाएं हो रही हैं और बेमिसाल 4 साल के बूते प्रदेश की जनता संपन्‍न और खुशहाल है।