back to top

राजनांदगांव : नगर निगम का बढ़ेगा दायरा ? शहर में शामिल होंगे ये नये इलाके…

राजनांदगांव- आने वाले साल में नगर निगम का दायरा बढ़ सकता है। 51 वार्डों वाले राजनांदगांव नगर निगम में आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण इलाकों को शामिल किया जा सकता है। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहल किए जाने की जानकारी सामने आई है। अगर ऐसा होता है तो मौजूदा करीबन दो लाख की आबादी वाले इस शहर में वासियों की संख्या तीन लाख पार पहुंच सकती है। यदि ऐसा हो जाता है तो निगम की माली हालात भी सुधरने की पूरी संभावना बन जाएगी। एक ओर जहां शासन से मिलने वाले फंड में इजाफा होगा।

Advertisements

वहीं जुड़ने वाले इलाकों में स्थित उद्योग व अन्य प्रतिष्ठान से टैक्स भी मिलने लगेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शासन ने निकायों से उनके दायरा बढ़ाने को लेकर जानकारी मांगी है। राजनांदगांव जिले में भी नगर पालिका और नगर पंचायत से यह जानकारी ली जाएगी। हालांकि इसमें नगर निगम शामिल नहीं है, लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि निगम का दायरा बढ़ाने के लिए भी कोशिशें प्रशासन स्तर पर की जा सकती है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी एक दफा शहर में ग्रामीण इलाकों को जोड़ने की पहल की जा चुकी है। हालांकि उस वक्त ऐसा हो नहीं पाया था, लेकिन अब यदि ऐसा हो जाता है तो शहरवासियों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

निगम का खजाना बढ़ेगा

इस समय निगम की माली हालत किसी से छुपी नहीं है। कर्मचारियों के वेतन अदायगी को लेकर भी समय-समय पर निगम को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नए इलाकों को निगम क्षेत्र में जोड़ा जाता है तो निगम की माली हालात भी सुधरने के आसार हैं। ज्ञात हो कि शहर से लगे हुए इलाकों में बड़ी संख्या में उद्योग, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, अस्पताल व निवास है। जिससे टैक्स व अन्य कर की वसूली के चलते निगम को भी फंड मिल पाएगा।

इन इलाकों को जोड़े जाने की कवायद

शहर में जोड़े जाने वाले इलाकों में सुंदरा, गठुला, बोरी, फरहद, बांकल, इंदामरा सहित अन्य इलाकों को शामिल किया जा सकता है। यह सभी इलाके शहर से लगे हुए हैं। जिसके चलते इनको निगम में जोड़े जाने की संभावना सबसे अधिक है। यदि यह इलाके निगम में शामिल हो जाते हैं तो इन इलाकों में भी विकास की रफ्तार बढ़ सकेगी। लोगों को पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभुत सुविधा के लिए बेहतरी मिलेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page