
राजनांदगांव – पावडर से जेवर साफ करने का झांसा देकर दो आरोपियों ने आभूषण की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत 19 दिसंबर को ममता नगर गली नं. 4 निवासी एक महिला अपने सास के साथ घर के सामने बैठी थी। उसी समय दो लड़के बाईक में आए और बोले कि वे पावडर बेचते हैं। पावडर से बर्तन व सोना-चांदी साफ हो जाते हैं, तब उन्होंने एक तांबा का लोटा एवं चांदी का बिछिया साफ करने दिया, जिसे आरोपियों ने साफ कर वापस दे दिया। इसके बाद दो आरोपी बोले कि सोना भी साफ हो जाता है,
जिस पर प्रार्थिया ने अपने कान का एक जोड़ी सोने का टॉप व अपनी सास का एक नग सोने की चैन व अंगूठी को साफ करने दिया, जिस पर आरोपियों ने उनके सामने पावडर से साफ कर एक पावडर सहित पैकेट में एक जोड़ी सोने का टॉप व एक नग सोने की चैन एवं सोने की अंगूठी को पैकेट में पैक कर दिया और दस मिनट बाद खोलने बोल कर चले गए। बाद में उक्त पैकेट को खोल कर देखा तो कंकड़- पत्थर था। दो अज्ञात आरोपियों ने प्रार्थी के जेवर धोखाधड़ी कर ले गए। घटना की रिपोर्ट प्रार्थियां ने दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।









































