
राजनांदगांव, । फार्म हाऊस में काम करने जा रही महिला की नृशंस हत्या पारवारिक विवाद में कर दिये जाने की जानकारी प्रकाश में आयी है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका का देवर ही है। हत्या को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस जल्द ही उसे पकड़ लेने की बात कह रही है।
सोमनी थाना प्रभारी कृष्णा पाटले ने हत्या की घटना की पुष्टि की है। श्री पाटले ने बताया कि आज सुबह 8.30 से 9 के बीच श्रीमती ओम यादव पति कृष्णा यादव (30) निवासी ग्राम तुमड़ीलेवा फार्म हाऊस में काम करने रोज की तरह जा रही थी।
इसी दौरान शिकारीटोला- तुमड़ीलेवा के बीच उसके देवर पिण्टु यादव (22) ने उसे रोका और विवाद करते हुए धक्का दे दिया। धक्के से गिरने के कारण उसके सिर पर पत्थर लग जाने से गंभीर चोट लगी। कुछ ही देर में महिला की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार आरोपी अपने दो अन्य भाइयों के साथ संयुक्त परिवार में ही रहता है। पुलिस को जानकारी लगते ही वह मौके पर पहुंची।
शव पंचनामा के पश्चात पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपी को पकड़ने पुलिस ने जाल बिछाया है। जल्द ही पकड़े जाने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है।









































