
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर
राजनांदगांव 23 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बघेरा के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए विशेष ध्यान देने तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप पोषण संबंधी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर ने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में मसाले एवं तेल का कम से कम उपयोग करने तथा भोजन को पौष्टिक एवं संतुलित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता एवं पौष्टिकता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के समीप तत्काल पोषण वाटिका विकसित करने तथा उसमें मुनगा सहित अन्य पोषणयुक्त पौधों का रोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण वाटिका की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने तथा बच्चों एवं अभिभावकों को पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए पर्याप्त खेल सामग्री की उपलब्धता होनी चाहिए। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से खिलौने एवं उपयोगी खेल सामग्री दान करने के लिए आम नागरिकों से अपील की, ताकि बच्चों के सीखने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में चिन्हित दो कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में विशेष सुधार लाते हुए आगामी दो माह में उन्हें कुपोषण मुक्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें अतिरिक्त पोषण एवं देखभाल उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने बच्चों के वजन, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की नियमित जांच करते हुए प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान सरपंच ने जानकारी दी कि ग्राम बाल विवाह मुक्त है। कलेक्टर ने इसकी सराहना करते हुए बाल विवाह के विरूद्ध जागरूकता को निरंतर बनाए रखने तथा गांव में बाल विवाह की स्थिति निर्मित न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











































