राजनांदगांव : प्रदेश अध्‍यक्ष टहल साहू ने खोया आपा, मंच से दी चुनौती…

0 समारोह में माहौल बिगड़ा, साहू संघ में फाड़… भागवत की खिलाफत तेज

राजनांदगांव।प्रदेश साहू समाज अध्‍यक्ष टहल साहू आज साहू समाज के स्‍थानीय कार्यक्रम में अपना आपा खो बैठे और मंच से दूसरे खेमे को चुनौती दे डाली। इसके बाद से ही समाज में कई तरह की चर्चाएं शुरु हो गई है।

जिला साहू संघ की निर्चाचन प्रक्रिया को लेकर की गई शिकायत के बाद जिला अध्‍यक्ष भागवत साहू का निर्वाचन पंजीयक ने शून्‍य घोषित कर दिया है। इसे लेकर अब समाज में आंतरिक विवाद गरमा गया है। रविवार को साहू सदन में अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्‍ठ नव वर्ष मिलन व सम्‍मान समारोह आयोजित था।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्‍यक्ष टहल साहू ने मंच से चुनौती दे डाली। बताया जा रहा है कि भागवत का निर्वाचन शून्‍य किए जाने के मामले पर उन्‍होंने यहां तक कह दिया कि… जिन्‍हें कोर्ट जाना है जाए, हम सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे… अध्‍यक्ष भागवत ही रहेगा।

साहू संघ में समाज की ही चलेगी। बताया जा रहा है कि, इस दौरान ही माहौल गरमा गया। इस दौरान यहां जिला प्रभारी व प्रदेश पदाधिकारी अंजनी साहू, प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्‍ठ, इंजीनियर प्रकोष्‍ठ के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्‍या में सामाजिक लोग मौजूद थे।

बहरहाल, साहू संघ के अध्‍यक्ष भागवत साहू के खिलाफ मनमोहन साहू की शिकायत पर पंजीयक ने फैसला सुनाया है और उनके निर्वाचन की प्रक्रिया को बॉयलॉज के खिलाफ ठहराते हुए उनका निर्वाचन रद्द कर दिया है। भागवत इस मामले में अपील की तैयारी कर रहे हैं।

प्रदेश अध्‍यक्ष टहल साहू ने इससे इंकार किया है। उन्‍होंने बातचीत में कहा कि – किसी तरह के आपत्तिजनक भाषा का उपयोग नहीं किया गया है। भागवत का निर्वाचन तय नियमों के तहत ही हुआ है। जो शिकायत कर रहे हैं वह इसलिए कि उन्‍हें जीत नहीं मिली। उन्‍होंने समारोह में किसी तरह की चुनौती देने या किसी को कुछ कहने की बात नकार दी है।