ऑपरेशन सूर्य शक्ति.5 : अबूझमाड़ में सात हथियारबंद नक्सली ढेर…

नारायणपुर। नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सरहद में प्लाटून नंबर 16 और इंद्रावती एरिया कमेटी के टॉप नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर ऑपरेशन सूर्य शक्ति पॉइंट 5 लॉन्च किया गया हैं। जिसमें पांच वर्दीधारी समेत सात नक्सलियों को सुरक्षाबल के जवानों ने मार गिराया है। वही मारे गए नक्सलियों के पास से सात हथियार भी बरामद हुए हैं। नक्सली मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना जताई गई हैं। वहीं कुछ नक्सलियों की गिरफ़्तारी भी हुई हैं। मुठभेड़ के बाद बड़ी संख्या में नक्सली सामग्री भी बरामद हुआ है।

नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बस्तर जिले के डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के साथ एसटीएफ की अलग अलग टीमें एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकाली गई हैं। जिसके तहत गुरुवार की सुबह नक्सलियों के द्वारा सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू की गई।

जिसके बाद जवानों ने भी मुस्तैदी से मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होने बताया की दोनो तरफ़ से रुक रुक कर गोलीबारी होती रही। जिसके बाद फोर्स के द्वारा सर्च किया गया तो तक सात नक्सलियों के शव तथा हथियार बरामद हुए है। उन्होंने बताया की इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की प्रबल संभावना है।

नक्सलियों के कोर इलाके में उतरी फोर्स 

ओरछा थाना से करीब 25 किमी दूर पीडियाकोट पंचायत के रेकावाया गांव के जंगल में इंद्रावती एरिया कमेटी के बड़े लीडरों की घेराबंदी के लिए तीन जिले से DRG, बस्तर फाइटर और STF के आठ जवानों को जंगल में उतरा गया था जिसमे दो अलग अलग मुठभेड़ में सात नक्सली ढेर हुए हैं। अबूझमाड़ की चार ऊंची पहाड़ी को पार कर फोर्स नक्सलियों के कोर इलाके में पहुंची थी।

वर्दी छोड़ भागे नक्सली

पुलिस नक्सली मुठभेड़ के दौरान फोर्स का दबाव बढ़ने के बाद नक्सली अपनी वर्दी को उतार कर जंगल की ओर भाग गए । नारायणपुर के ASP रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि एनकाउंटर के दौरान नक्सली पुलिस की गिरफ़्तारी से बचने के लिए जंगल में वर्दी उतार कर भागने लगे थे। उन्होंने बताया कि जंगल में सर्च अभियान के दौरान चार नक्सली वर्दी जंगल में पुलिस ने बरामद किया है।

25 दिन बाद फिर बड़ा मुठभेड़

नारायणपुर जिले का सबसे बड़ा मुठभेड़ 28 अप्रैल को महाराष्ट्र की सीमा पर बसे टेकामेटा गांव में हुआ था। 25 दिन बाद फिर अबूझमाड़ के जंगल में नक्सलियों की घेराबंदी के बाद सात नक्सलियों को फोर्स ने मार गिराया है। सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद लगातार नक्सली उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत 5 महीने के अंतराल में करीब सवा सौ नक्सलियों की मौत हो चुकी है।

7 किमी के दायरे में हुआ मुठभेड़

नक्सलियों के टॉप लीडरों की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर से स्पेशल टीम बनाकर नक्सलियों की घेराबंदी के लिए रवाना किया गया था। नक्सलियों की घेराबंदी के लिए 7 किलोमीटर के दायरे में जवान अलग-अलग टुकड़ियों में फैले हुए थे। भीषण गर्मी में 2 दिन पैदल चलकर जवान नक्सलियों के ठिकाने तक पहुंचे और एक-एक कर सात लोगों को ढेर कर दिया है।