राजनांदगांव : राजनांदगांव में कोचिया नाम का प्राणी अब नहीं दिखेगा- डॉ. रमन सिंह…

राजनांदगांव विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव के दौरे पर पहुंचे। डॉ. रमन सिंह ने यहां एक निजी होटल में प्राकृतिक चिकित्सा और योग सेंटर का शुभारंभ किया।

वहीं अपने निवास कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजनों से मुलाकात की। इस दौरान डॉ. रमन सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते कहा कि आगामी 4 जून को राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र की मतगणना होगी। जिसमें भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे अच्छे वोटों से विजयी होंगे। वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूरी 11 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश में 400 से ज्यादा लोकसभा की सीटें भारतीय जनता पार्टी और उनके सहयोगी मिलकर जीतेंगे।

राजनांदगांव जिले के आबकारी विभाग में पदस्थ उप निरीक्षक द्वारा शराब कोचियों से प्रतिपेटी 200 रुपए कमीशन लेने के आरोप के मामले को लेकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में कोचिया नाम का प्राणी अब नहीं दिखेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पुलिस को सख्ती के साथ निर्देश दिए गए हैं, जो कार्रवाई के रूप में दिखाई दे रहा है और आगे भी दिखेगा ।