राजनांदगांव: कलेक्टर संजय अग्रवाल आज लेंगे नगर निगम का चार्ज…

राजनांदगांव। नगर निगम परिषद का कार्यकाल आज शुक्रवार को पूरा हो गया है। आज से निगम का जिम्मा प्रशासक सम्हालेगा। सरकार ने जिला कलेक्टरों को प्रशासक बनाया है। यह पहली दफा होगा, जब नगर निगम राजनांदगांव का कामकाज प्रशासक के हवाले किया गया है। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था।

Advertisements

हालांकि दो दशक पहले साल 2003 में जरूर दो कार्यकारी महापौर ने जिम्मेदारी संभाली थी।

प्रदेश सरकार द्वारा बुधवार को इस आशय में आदेश जारी कर दिया था। चूंकि पांच साल पहले शहर सरकार ने 3 जनवरी को ही शपथ ली थी, इसलिए उसे 2 जनवरी तक काम करने का अवसर दिया गया। अब आज से कलेक्टर संजय अग्रवाल प्रशासक के रूप में निगम संभालेंगे। हालांकि अब तक नगर पंचायत को लेकर कोई दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए है। ज्ञात हो कि नगर पंचायतों में भी कार्यकाल समाप्त होने को है। ऐसे में सरकार के निर्देश अनुसार ही वह भी प्रशासक बैठाया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि नई शहर सरकार चुने जाने तक प्रशासक ही निकायो में अहम फैसले लेगा।

छत्तीसगढ़ में आचार संहिता का इंतजार

प्रदेश में अमूमन नवंबर महीने के अंत में निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू कर दी जाती है लेकिन इस बार इसे करीबन दो महीने की देरी देखने को मिल रही है 15 जनवरी तक मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के बाद ही चुनाव की घोषणा होने की संभावना है सूत्रों की माने तो फरवरी महीने में ही मतदान और परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।