back to top

VISION TIMES : सड़क किनारे सो रहे बुजुर्ग को तेंदुए ने बनाया अपना शिकार…

धमतरी जिले में एक खुंखार तेंदुए ने बुजुर्ग की जान ले ली। घटना उत्तर सिंहपुर रेंज की है। जहां शनिवार को सड़क किनारे सो रहे बुजुर्ग व्यक्ति को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। बुजुर्ग के दांए पैर के जांघ को तेंदुआ ने खाया है।

Advertisements

वनमंडलाधिकारी कृष्ण जगताप ने बताया कि मगरलोड थाना इलाके के ग्राम बेंद्राचूहा निवासी मन राखन ध्रुव (62 साल) अपने घर ना जाकर सड़क किनारे सो गया था और वह तेंदुआ का शिकार हो गया। मारने के बाद तेंदुआ उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।

वन अधिकारी जाधव ने आशंका जताते हुए कहा कि, हो सकता है शराब के नशे में बुजुर्ग अपने घर नहीं पहुंच पाया हो और सड़क किनारे सो गया हो। इसी दौरान तेंदुए ने उसका शिकार किया होगा। सुबह होने पर जब ग्रामीणों ने जंगल में खोजबीन की, तो उन्हें बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिला। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इस घटना की सूचना दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना के बाद विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे रात के समय खुले में न सोएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में अचानक तेंदुए की एंट्री हुई है। इसके कारण पूरा गांव दहशत में है। इससे पहले दिसंबर महीने में इसी इलाके में एक महिला का तेंदुआ ने शिकार किया था। अगस्त महीने में भी 2 बच्चों की तेंदुए ने जान ली है। वन विभाग की टीम गांव सहित आसपास के इलाके में कोटवारों के माध्यम से सुरक्षित रहने की मुनादी करवाई जा रही है और इलाके में तेंदुआ होने से शाम होते ही घर पर रहने की हिदायत दी जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page